सितारगंज। जमीन का बैनामा कराने के नाम पर 30 लाख रुपये हड़पने का मामले सामने आया है। शाहगढ़, बहेड़ी (यूपी) निवासी मोहम्मद खालिद खां ने बताया कि उसने व साथी फाजिल हुसैन ने गांव सिसैया, सितारगंज निवासी इमदाद रसूल, शाहिद रसूल व शाबेज से सितारगंज में करीब 11 बीघा जमीन खरीदने का सौदा किया था।
फरवरी 2023 में भूमि का बैनामा कराने के नाम पर उक्त लोगों ने उससे 30 लाख रुपये भी लिए थे। आरोप लगाया कि इसके बाद उक्त लोगों ने न तो जमीन का बैनामा कराया और न ही उनकी रकम वापस की। बीती 11 जनवरी को जब वह अपने साथी फाजिल हुसैन और रहमत अली के साथ आरोपियों के गोदाम पर रुपये वापस मांगने पहुंचा तो आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोप लगाया कि इसी दौरान एक आरोपी ने तमंचा निकालकर उन पर फायर कर दिया जिससे वह बाल-बाल बच गए। मामले में पुलिस इमदाद रसूल, शाहिद रसूल और शाबेज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना कर रही है। मोहम्मद खालिद खां ने बताया कि आरोपी पहले भी बरेली निवासी रहमत अली के साथ जमीन का बैनामा करने के नाम पर ठगी कर चुके हैं।