डीएम के आदेश पर एसडीएम पीएस राणा ने राजस्व, खान विभाग टीम के साथ क्षेत्र के दस स्टोन क्रशरों पर औचक छापेमारी कर 15,336 घनमीटर अवैध खनन पकड़ा। इस दौरान कई क्रशरों पर भारी खामियां मिली। बताते हैं कि एसडीएम समेत कई अधिकारियों ने मोबाइल स्चिव ऑफ कर लिए।
बुधवार को एसडीएम राणा ने टीम के साथ पैमाईश कर क्षमता से अधिक भंडारण मिलने पर गांव किसनपुर स्थित एलएससी इंफ्राटेक पर 68 लाख 36 हजार 340 रुपये का जुर्माना, अमृत स्टोन क्रशर प्रा. लि. गांव कनौरी पर 6 लाख 37 हजार रुपये, गुरु कृपा स्टोन क्रशर गांव कनौरी पर 34 लाख 87 हजार, हरिहर स्टोन क्रशर पर 31 लाख 62 हजार, बीबीएसवी स्टोन क्रशर प्रा. लि गांव कनौरी पर 42 लाख 22 हजार, कोसी नदी मिनलर स्टोन क्रशर गांव लुधपुरा पर 29 लाख 32 हजार, हिमालयन बिल्कोन लि. गांव लुधपुरा पर 34 लाख 90 हजार, राजलक्ष्मी बिल्कोन लि. गांव ऊंचागाव पर 49 लाख 41 हजार, लामेर इंफ्राटेक स्टोन क्रशर पर 25 लाख, ओंकार इंफ्राटेक लि. गांव रतनपुरी पर 32 लाख 59 हजार रुपये का जुर्माना डाला है। इन सभी स्टोन क्रशरों पर 15336 घनमीटर अवैध खनन मिला। टीम में तहसीलदार सुदेश चंद, खनन उपनिदेशक राजपाल लेघा, नायब तहसीलदार प्रताप राम आर्य, सहित राजस्व, खनन अधिकारी मौजूद थे।
प्रदूषण बोर्ड की मान्यता भी हुई खत्म
बाजपुर। एसडीएम पीएस राणा ने बताया कि कई स्टोन क्रशरों पर उत्तराखंड पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण बोर्ड देहरादून से स्टोन क्रशर संचालन करने की सहमति समाप्त हो चुकी है। हालांकि सहमति के लिए आवेदन किया है। इसके अलावा भी कई खामियां मिली है।
अवैध खनन से भरा एक डंपर सीज
बाजपुर। एसडीएम पीएस राणा के टीम के साथ छापेमारी की खबर से कोसी नदी खनन क्षेत्र में भी खलबली मच गई। बताते हैं कि चालक वाहनों को लेकर जंगल की तरफ चले गए। इस दौरान अवैध खनन से भरे एक डंपर को पकड़ कर सीज कर दिया। एसडीएम ने कहा कि कोसी सहित अन्य नदियों में किसी कीमत पर अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। राजस्व टीम को खनन क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।