दिनेशपुर में मृत मिले कौवे के नमूने लेती टीम।
- फोटो : RUDRAPUR
दिनेशपुर। वार्ड नंबर तीन में 23 कौवे और दो बगुले मृत मिलने से बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पशु चिकित्सक ने विभाग और वनकर्मियों टीम के साथ पहुंचकर सैंपल लेने के साथ ही सभी पक्षियों के शवों को जलाकर नष्ट कर दिया। उन्होंने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। पशु चिकित्सक का कहना है कि प्रारंभिक जांच में बर्ड फ्लू की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है।
बृहस्पतिवार को नगर के वार्ड नंबर तीन में अनुज सरकार के खाली पड़े भूखंड पर 23 कौवे और दो बगुले मृत पड़े मिले। साथ ही कुछ पक्षी बेहोशी की हालत में भी थे। समाजसेवी विजय सिंह की सूचना पर पशु चिकित्सक डॉ. शिव कुमार सिन्हा और वन दरोगा मदन मोहन टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डॉ. सिन्हा ने बर्ड फ्लू के लक्षणों की आशंका जताते हुए इधर-उधर पड़े मृत कौवों को एकत्र कर उनसे नमूने लिए। इसके बाद कौवे और बगुलों के शवों को जलाकर नष्ट कर दिया। डॉ. सिन्हा ने बताया कि मृत मिले सभी पक्षियों की मौत का कारण लगभग एक जैसा ही है। प्रारंभिक जांच में बर्ड फ्लू की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है लेकिन पक्षियों की मौत का असल कारण नमूनों की जांच रिपोर्ट आने पर ही पता चल सकेगा।
गदरपुर में भी मृत मिला एक कौवा
गदरपुर। क्षेत्र के महतोष मोड़ से दिनेशपुर जाने वाली सड़क पर मछली मार्केट के पास एक मृत कौवा मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पशुपालन और वन विभाग को दी गई लेकिन दोनों विभागों में से कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। पशु चिकित्सक डॉ. रवि शंकर झा ने कहा कि वे विभागीय कार्य से बाहर गए हुए हैं। वन कर्मी भी सैंपल ले कर जांच के लिए भेज सकते हैं। खबर लिखे जाने तक कौवे का सैंपल लेने के लिए कोई नहीं पहुंचा था।
बाजपुर से लिए सैंपल आज भेजे जाएंगे बरेली
रुद्रपुर। बाजपुर में मृत मिली बतख और सात मुर्गियों के सीरा सैंपल शनिवार को जांच के लिए आईवीआरआई बरेली भेजे जाएंगे। पशुपालन विभाग की नोडल अधिकारी डॉ. पूजा पांडे ने बताया कि बर्ड फ्लू होने पर मुर्गियों या पक्षियों की आंखों के आसपास नीला रंग और सूजन आ जाती है। यह लक्षण मृत मिली बतख और मुर्गियों में दिखाई नहीं दिए हैं। उन्होंने बताया कि सभी सैंपल रुद्रपुर लैब में रखे गए हैं, जिन्हें शनिवार तक आईवीआरआई लैब बरेली भेजा जाएगा। डॉ. पूजा ने बताया कि अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के 200 सीरा सैंपलों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। लोगों को भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। अभी तक जिले में बर्ड फ्लू का कोई भी मामला सामने नहीं आया है।