ट्रक और रोडवेज बस की भिड़ंत में 22 यात्री घायल हो गए। जिनका कई अस्पतालों में उपचार कराया गया। इनमें से आठ घायल गदरपुर पहुंचे।
रोडवेज बस नंबर यूके 07पीए 1941 मंगलवार रात देहरादून से डीडीहाट जा रही थी। रात करीब 11 बजे केलाखेड़ा से गदरपुर के बीच में यह बस ट्रक से टकरा गई।
जिससे बस में सवार 22 यात्री घायल हो गए। जिन्हें केलाखेड़ा, गदरपुर के अस्पतालों में भेजा गया।
इनमें से घायल देहरादून निवासी यूडी जोशी, प्रेमनगर देहरादून निवासी अनम जोशी, पिथौरागढ़ की हेमा, खेड़ा वार्ड नंबर पांच रुद्रपुर निवासी इरफान अली, किच्छा भगवानपुर निवासी गुरजीत सिंह और पंतक्वार्की बागेश्वर निवासी कैलाश चंद्र पाठक समेत दो अन्य घायलों को गदरपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना से राष्ट्रीय राजमार्ग में जाम लग गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे केलाखेड़ा पुलिस चौकी प्रभारी सलाउद्दीन ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।