जिले में 2000 पॉली हाउस का होगा निर्माण, 80 प्रतिशत मिलेगा अनुदान
- केंद्र सरकार ने उद्यान विभाग के 27.60 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर लगाई मुहर
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। केंद्र सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए उद्यान विभाग के 27.60 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। इस राशि से जिले में दो हजार पॉली हाउस स्थापित किए जाएंगे। पॉली हाउस लगाने वाले किसानों को 80 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी।
जिले में 8367 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 98,356 मीट्रिक टन सब्जियों का उत्पादन हो रहा है। अब पॉली हाउस में फूल और सब्जी उत्पादन की नवीन वैज्ञानिक तकनीक से उत्पादन के लिए उद्यान विभाग की ओर से प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। नाबार्ड की ग्रामीण अवसंरचना विकास निधि (आरआईडीएफ) योजना के तहत किसानों का चयन करने के लिए क्लस्टर बनाए जाएंगे। जिला स्तरीय समिति ऐसे क्लस्टर का चयन करेगी, जिनके पास पॉली हाउस के लिए सड़क के नजदीक सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता और बागवानी का अनुभव होना चाहिए। पॉली हाउस स्थापना के लिए महिला समूहों को वरीयता दी जाएगी। एक समूह में चार से पांच किसान होने जरूरी हैं, जिन्हें कम से कम 10 पॉली हाउस से लाभान्वित किया जाएगा।
मुख्य उद्यान अधिकारी भावना जोशी ने बताया कि पॉली हाउस में उत्पादित फसलों का विपणन सहकारिता विभाग के तहत आने वाले पैक्स, एनआरएलएम ग्रुप, एफपीओ के जरिए किया जाएगा।