रुद्रपुर। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के लिए वर्ष 2026-27 में 14 से 23 आयु वर्ग के प्रतिभावान 200 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रत्येक खिलाड़ी को प्रतिमाह दो हजार रुपये छात्रवृत्ति और खेल उपकरण के लिए प्रतिवर्ष 10 हजार की एकमुश्त धनराशि दी जाएगी।
खेल विभाग के अनुसार 100 बालक और 100 बालिकाओं का चयन चार आयु वर्गों 14-17, 17-19, 19-21 और 21-23 वर्ष में किया जाएगा। चयन प्रक्रिया सात अगस्त से शुरू होगी। सात अगस्त को नगर पालिका/नगर निगम/विकास खंड स्तर पर समस्त आयु वर्ग की बालिकाएं हिस्सा लेंगी।
आठ अगस्त को नगर पालिका/नगर निगम/विकास खंड स्तर पर सभी आयु वर्ग के बालक, 12 अगस्त को जिला स्तर पर समस्त आयु वर्ग की बालिकाएं व 13 अगस्त को जिला स्तर पर सभी आयु वर्ग के बालक ट्रायल देंगे। जिला स्तरीय ट्रायल मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम रुद्रपुर में होंगे। जबकि ब्लॉक स्तरीय ट्रायल संबंधित नगर पालिका/विकास खंड में आयोजित होंगे।
इन खेलों में होगा चयन
एथलेटिक्स, बास्केटबाल, फुटबाल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, कराटे, टेबल टेनिस, ताईक्वांडो, वॉलीबाल, बाक्सिंग और बैडमिंटन।
ऑनलाइन होगा पंजीकरण
पात्रता के लिए खिलाड़ी का उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। इच्छुक खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र, आधार, बैंक पासबुक और निवास प्रमाण पत्र की प्रति साथ लानी होगी। पंजीकरण khelouk.in पोर्टल पर करना होगा।
मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। इच्छुक खिलाड़ी पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। - जानकी कार्की, जिला क्रीड़ाधिकारी