रुद्रपुर। रिक्शे पर इंडेन गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी करने वाले रिक्शा चालक की मौत से दुखी एजेंसी के ठेकेदार और वितरकों ने बृहस्पतिवार को गैस एजेंसी में शोक सभा की। साथ ही होम डिलीवरी के कार्य को पूरी तरह ठप रखा।
बता दें कि रंपुरा वार्ड नंबर आठ निवासी कमलेश कोहली रिक्शे पर इंडेन गैस सिलिंडरों की होम डिलीवरी करता था। बीते बुधवार को रविंद्रनगर क्षेत्र में होम डिलीवरी के लिए जाने से पहले कमलेश सिलिंडरों से भरे रिक्शे के नीचे कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कमलेश की मौत से दुखी एजेंसी के ठेकेदार प्रदीप मिश्रा और अन्य वितरकों ने बृहस्पतिवार को एजेंसी पर शोर सभा का आयोजन कर कमलेश की आत्म शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही पूरे दिन होम डिलीवरी के काम को ठप रखा। उन्होंने आपसी सहयोग से मृतक कमलेश के परिवार को आर्थिक सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। शोक सभा में विनय जायसवाल, गिरीश चंद्र जोशी, विनय श्रीवास्तव, संजय खालिद, महेश, जितेंद्र, लेखराम, बाबू, सोनू, राजकुमार, लाखन, भूरा आदि थे।