रुद्रपुर में इंडियन पब्लिक जूनियर हाईस्कूल में अभिभावकों की शिकायत सुनते सीईओ डॉ. पीएन सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
ट्रांजिट कैंप के शिव नगर में बुधवार को बीईओ के छापे के दौरान एक जूनियर हाईस्कूल बगैर मान्यता के संचालित होते मिला। स्कूल संचालक को स्कूल खोलने पर एफआईआर दर्ज करवाने की चेतावनी दी गई है। जबकि एक निजी स्कूल में सीईओ के निरीक्षण के दौरान निजी प्रकाशकों की किताबें मिलीं।
बीईओ मतादीन गौतम ने ट्रांजिट कैंप स्थित ओम पब्लिक स्कूल में एनसीईआरटी की पुस्तकों की जांच के लिए सुबह के समय छापा मारा। विद्यालय में एनसीईआरटी की पुस्तकें चल रही थीं।
इसके उन्होंने शिव नगर स्थित डीआर जूनियर हाईस्कूल में छापा मारा। मौके पर स्कूल संचालक नहीं मिला। बीईओ ने किराये पर चल रहे विद्यालय के भवन स्वामी से संचालक के बारे में जानकारी जुटाई। उन्होंने बताया कि स्कूल संचालक गोरखपुर निवासी रणधीर सिंह है। उन्होंने मार्च में उसे किराये पर विद्यालय चलाने के लिए जगह दी थी। लेकिन उन्हें विद्यालय के बगैर मान्यता संचालित होने की जानकारी नहीं थी। बीईओ ने बताया कि विद्यालय बगैर मान्यता के संचालित हो रहा है।
विद्यालय को बंद करने की कार्रवाई की जा रही है। विद्यालय में करीब 100 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। उधर, अभिभावकों की शिकायत पर सीईओ डॉ. पीएन सिंह ने ट्रांजिट कैंप स्थित इंडियन पब्लिक जूनियर हाईस्कूल में छापा मारा। अभिभावकों ने कुछ शिक्षकों पर विद्यार्थियों से मारपीट करने का भी आरोप लगाया। निरीक्षण में विद्यालय में निजी प्रकाशकों की किताबें मिलीं। डॉ. सिंह ने बताया कि प्रबंधक को चेतावनी देते हुए किताबों का पैसा अभिभावकों को वापस करने को कहा गया है।