गदरपुर। मदरसा रजिया सुल्तान में शुक्रवार को उत्तराखंड मदरसा वेलफेयर सोसाइटी की बैठक हुई। इस दौरान मदरसों में धार्मिक, आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ संस्कृत भाषा को भी पढ़ाये जाने की मांग की गई। इसके लिए सरकार की ओर से मदद के लिए सीएम को ज्ञापन भी भेजा गया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे मौलाना अख्तर रजा ने कहा कि जिस तरह हम मदरसों में दूसरे देशों की भाषा अंग्रेजी पढ़ा रहे हैं। उसी तरह संस्कृत भी पढ़ाई जानी चाहिए। इससे मदरसे के बच्चे भी वेदों का ज्ञान पा सकेंगे। सोसाइटी अध्यक्ष सिब्ते नबी ने कहा कि बच्चों को संस्कृत का ज्ञान होने से दूसरे धर्म के बच्चों से निकटता बढ़ेगी जो आपसी भाईचारे के लिए अच्छा प्रयास होगा।
कारी शाहिद रजा नूरी ने कहा कि मानव संसाधन मंत्रालय द्वारा मदरसों में जिस तरह आधुनिक शिक्षा के लिए एसपीक्यूएम योजना के तहत सहयोग किया जा रहा है, उसी तरह राज्य सरकार इच्छुक मदरसों में अपने स्तर से संस्कृत पढ़ाने के लिए शिक्षकों की नियुक्ति करें।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को ज्ञापन भेजकर मदरसों में संस्कृत की शिक्षा शुरू करवाए जाने की मांग की गई। बैठक में मौलाना रासिद हुसैन, कारी नफीस अख्तर, मौलाना उस्मान, कारी मोहम्मद आरिफ, कारी अजमल रजा, शहीद अहमद, रईस अहमद, राहजान पासा, सद्दाम हुसैन, जीशान हुसैन आदि थे।