रुद्रपुर। ऊर्जा निगम ने बृहस्पतिवार को लालपुर क्षेत्र में विद्युत चोरों के खिलाफ अभियान चलाकर छह घरों में विद्युत चोरी पकड़ी। भवन स्वामियों के खिलाफ विद्युत चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उपखंड अधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में ऊर्जा निगम की छापामार टीम ने लालपुर क्षेत्र के कई घरों में ताबड़तोड़ छापे मारे।
छापे की कार्रवाई से ग्रामीणों में खलबली मच गई। आकस्मिक रूप से चलाये गये इस अभियान के दौरान छह घरों में विद्युत चोरी पकड़ी गई। इन घरों में बाइपास से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। निगम के अधिकारियों ने कनेक्शन काटने के साथ ही विद्युत चोरी के आरोप में एफआईआर भी दर्ज कराई।
एसडीओ संजय कुमार के मुताबिक विद्युत चोरी के मामले में रामेश्वरपुर निवासी नुक्ता प्रसाद, राम प्रसाद, सुखिया, सतीश कुमार और सचिन कुमार के खिलाफ विद्युत चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। टीम में एसडीओ विनोद कुमार, जेई प्रवीन सैनी, सतेंद्र जोगियाल आदि भी शामिल थे।
33 हजार की बिजली लाइन की सौगात मिली
दिनेशपुर। कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे के प्रयासों से दिनेशपुर को दूसरी सीधे 33 हजार की बिजली लाइन की सौगात मिल गई है। भाजपा मंडल अध्यक्ष हिमांशु सरकार ने बताया कि पहले रुद्रपुर से दिनेशपुर बिजली घर में 33 हजार की सप्लाई आती थी। जिससे दिनेशपुर बिजली घर से नगर क्षेत्र के अलावा कालीनगर, चक्कीमोड़, शिवपुर, गुलरभोज पोषक को आपूर्ति होती थी।
बाद में दिनेशपुर बिजली घर से गदरपुर के चीनी मिल फीडर को भी जोड़ दिया गया। कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे के प्रयास से अब दिनेशपुर को सिडकुल से आने वाली दूसरी 33 हजार की लाइन से जोड़ दिया गया।