रुद्रपुर। शहर में बीएसएनएल की इंटरनेट सेवा पिछले दो दिनों से प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रुद्रपुर नैनीताल हाइवे पर खुदाई के दौरान जेसीबी से केबल कटने के कारण इंटरनेट सेवा प्रभावित हो रही है। इंटरनेट सेवा ठप होने के कारण कई लोगों शिकायत दर्ज कराने के लिए बीएसएनएल कार्यालय पहुंचे।
बीएसएनएल कार्यालय के एसडीओ बलदेव सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह हाइवे पर केबल कटने के कारण बीएसएनएल की इंटरनेट और फोन सेवा प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कर्मचारियों ने सोमवार रात कटी हुई केबल को जोड़ दिया था। इससे इंटरनेट सेवा दोबारा सुचारु हो गई थी, लेकिन दोपहर बाद अचानक फिर खराबी आने के कारण बीएसएनएल का सर्वर डाउन हो गया।
इंटरनेट सेवा ठप होने के कारण मुख्य बाजार में इंटरनेट कैफे वालों के साथ-साथ सरकारी विभागों के काम भी प्रभावित हुए। एसडीओ ने बताया की केबल कटने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा। बताया कि विभाग के कर्मचारी कमी को दूर करने के लिए लगे हुए हैं शाम तक पूरी तरह से इंटरनेट सेवा सुचारु हो जाएगी।