खटीमा में टनकपुर-पीलीभीत रूट पर संचालित यात्री ट्रेन संख्या 55378 के इंजन में शुक्रवार की शाम बनबसा और चकरपुर के बीच खराबी आने से करीब ढाई घंटे विलंब से ट्रेन पीलीभीत रवाना हुई। टनकपुर से इंजन मंगाकर खटीमा स्टेशन से रेल को रवाना किया गया। इस दौरान यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
खटीमा रेलवे स्टेशन मास्टर केे. लाल ने बताया कि शुक्रवार शाम टनकपुर से चली ट्रेन के इंजन में बनबसा में खराबी आ गई। चालक और ट्रेन में तैनात कर्मियों ने कुछ मरम्मत कर उसे आगे बढ़ाया तो चकरपुर के पास फिर खराबी आ गई। इस पर शाम 6.05 बजे के बजाय ट्रेन 7.45 बजे खटीमा पहुंची। यहां इंजन में खराबी ठीक न हो पाने पर टनकपुर से दूसरा इंजन मंगाया गया और ट्रेन 8.45 बजे रवाना हुई। जो 9.40 बजे पीलीभीत स्टेशन पहुंची। जबकि अन्य दिनों में सात से सवा सात बजे उक्त ट्रेन पीलीभीत पहुंच जाती है।