रुद्रपुर। भानूप्रताप मेमोरियल पब्लिक स्कूल में पचास साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में बुजुर्गों ने प्रतिभाग किया।
रविवार को पराक्रम नाम से आयोजित प्रतियोगिता का शुुुुभारंभ डॉ. जेपी चंद्रा ने मशाल जलाकर किया। विभिन्न आयु वर्गों की दो सौ मीटर दौड़ में प्रेम सिंह देउपा, आरआर मौर्या, संजीव जैन, प्रीति शर्मा, परमेश्वरी देवी अव्वल रही। सौ मीटर दौड़ में परमेश्वरी देवी, मंजू जोशी, एमएल शर्मा, प्रेम सिंह, घनश्याम कांडपाल ने सबको पछाड़ा।
वॉक रेस में एसपी सिंह और आरएन मौर्या, चार सौ मीटर दौड़ में जनार्दन सिंह, योगेश और आरआर मौर्या, शॉटपुट में देवेंद्र पंत, एमपी सिंह, मंजू जोशी और संजीव कुमार ने बाजी मारी। जेवलिंग थ्रो में घनश्याम कांडपाल, विकास शर्मा, संजीव कुमार, कुसुम शाह और ऊंची कूद में पीएस देउपा प्रथम रहे।
विद्यालय प्रबंधक महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि क्षेत्र में यह अपनी तरह की पहली प्रतियोगिता थी। इसमें विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रधानाचार्य महेश चंद्रा ने प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।