खटीमा क्षेत्र में बुधवार तड़के आए तेज अंधड़ से टनकपुर-पीलीभीत रेलवे लाइन मेें भी जगह-जगह पेड़ गिरे। बनबसा-चकरपुर के बीच जंगल में विशाल पीपल का पेड़ ट्रैक पर गिरने से त्रिवेेणी एक्सप्रेस के साथ ही 55372 पैसेंजर ट्रेन को करीब एक घंटे रोकना पड़ा। जबकि पीलीभीत से टनकपुर जा रही ट्रेन संख्या 55371 भी मंडी के पास पेड़ गिरने से करीब 23 मिनट रुकी।
रेलवे के अनुुसार बुधवार को टनकपुर से बरेली अप पैसेंजर ट्रेन संख्या 55372 खटीमा आ रही थी। इस बीच बनबसा-चकरपुर के बीच जंगल में अंधड़ से विशाल पीपल का पेड़ लाइन में गिर गया।
इस पर ट्रेन को रोकना पड़ा। बताया गया कि कड़ी मशक्कत कर पेड़ को हटाया गया। इस पर उक्त ट्रेन खटीमा पहुंचने के नियत समय 7.58 बजे के बजाय 8.56 बजे पहुंची।
जबकि इस बीच टनकपुर से आ रही त्रिवेणी एक्सप्रेस भी रास्ते में पेड़ गिरे होने की सूचना पर रुकी। जो नियत समय खटीमा स्टेशन 8.15 बजे के बजाय 9.12 बजे स्टेशन पर पहुंची। स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी और सहायक स्टेशन मास्टर सतीश कुमार मोहन के मुताबिक पीलीभीत से आ रही ट्रेन संख्या 55371 भी मंडी के पास पटरी में पेड़ गिरने से रोकनी पड़ी। जो नियत समय 8.03 के बजाय 8.26 बजे खटीमा स्टेशन में पहुंची।