खटीमा। पिछले दिनों सूरत में एक कोचिंग सेंटर में आग की घटना में 23 विद्यार्थियों की मौत के बाद अग्निशमन विभाग क्षेत्र में भी अलर्ट मोड पर आ गया है।
बृहस्पतिवार को दमकल टीम ने नगर के छह कोचिंग सेंटरों में आग से बचाव के उपकरणों का जायजा लिया। जिनमें किसी में भी आग से बचाव के उपकरण नहीं मिले।
दमकल ने नोटिस थमाकर सप्ताह भर में उपकरण लगाकर अवगत कराने के निर्देश दिए। साथ ही एनओसी भी लेने को कहा गया।
दमकल केंद्र के प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण सिंह नेगी के नेतृत्व में टीम ने बृहस्पतिवार को नगर के सरस्वती, ग्लोबल, सक्सेस, प्लस, ब्राइट, पीएनजी, दस्तक आदि कोचिंग सेंटरों का जायजा लिया।
प्रभारी अधिकारी के अनुसार किसी भी कोचिंग सेंटर में आग से बचाव के कोई उपकरण नहीं लगे मिले। इसके लिए सप्ताह भर में फायर उपकरण लगाने को लेकर नोटिस थमाया।
बताया गया कि आग से बचाव के लिए फायर सिलेंडर, हाज रील, रेत आदि की व्यवस्था आवश्यक है। नगर एवं ग्रामीण में बिना एनओसी के चलने वाले कई कोचिंग सेंटरों पर आकस्मिक घटना से निपटने संबंधी कोई व्यवस्था नहीं है।