बाजपुर में नगर पालिका के वार्ड नंबर दो ईदगाह के करीब 150 मतदाताओं को ग्राम पंचायत मुंडिया पिस्तौर देहात की मतदाता सूची में शामिल करने से गुस्साए लोगों ने हंगामा कर बीडीओ डॉ. निर्मला जोशी को ज्ञापन सौंपा। आरोप है कि पंचायत प्रतिनिधियों से सांठगांठ कर अधिकारियों ने नगरीय क्षेत्र में शामिल लोगों को ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज कर दिया है।
बुधवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा उर्फ सोनू के नेतृत्व में कई कार्यकर्ता एकत्र होकर ब्लाक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने हंगामा कर ग्राम पंचायत मुंडिया पिस्तौर देहात में शामिल किए गए मतदाताओं के नाम सूची से हटाकर नगरीय क्षेत्र में शामिल करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। बीडीओ ने राजस्व, नगर पालिका और ब्लाक कर्मचारियों की संयुक्त टीम गठित कर जांच कराकर नाम हटाने का भरोसा दिया। आरोप है कि नगर पालिका के वार्ड नंबर दो में निवास करने वाले लोगों के पालिका प्रशासन की ओर से आवासीय लाभ भी मिल चुका है। सड़क और नाली भी नगर पालिका की सीमा के अंतर्गत है। लेकिन ग्राम पंचायत और क्षेत्र पंचायत में लाभ लेने के लिए 150 मतदाताओं को ग्राम पंचायत में शामिल कर दिया गया। मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते, साबिर हुसैन, सादिक हुसैन, तनवीर अहमद, सिंह स्वरुप भारती, अमर सिंह, आसिफ, जुबैदा, शायरा, परवेज, जाकिर आदि थे।