सितारगंज। उपखनिज से भरे डंपर ने साइकिल सवार युवक को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए डंपर को कब्जे में ले लिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
वार्ड संख्या छह शक्तिफार्म निवासी विक्की बैरागी (20) पुत्र निशिकांत बैरागी मंगलवार दोपहर करीब एक बजे साइकिल से पूर्वी उकरौली जा रहा था। जैसे ही वह सिडकुल स्थित खनन सामग्री के जीएस भंडारण के पास से गुजरा तो वहां से गुजर रहे डंपर (यूए 04 ई 8711) ने उसे रौंद दिया।
हादसे में विक्की की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक डंपर छोड़ कर फरार हो गया। सूचना पर सिडकुल चौकी इंचार्ज पंकज सिंह महर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भिजवाया।
डंपर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आरोपी डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बता दें कि मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। ब्यूरो