नानकमत्ता। नानकसागर पार बसे ग्रामीणों ने क्षेत्र के एकमात्र विद्यालय के उच्चीकरण ना होने पर लोकसभा चुनाव 2019 के बहिष्कार का एलान किया है। ग्रामीण और जनप्रतिनिधियों ने अपनी मांग का मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे, जिलाधिकारी डॉ. नीरज खैरवाल आदि को फैक्स से ज्ञापन भेजा है।
नानक सागर पार बसे दूरस्थ ग्राम पंचायत ऐंचिता, गिधौर, देवीपुरा के अंतर्गत आने वाले गोठ और खत्तों के ग्रामीणों ने क्षेत्र के सिर्फ एक उच्चतर माध्यमिक स्कूल का उच्चीकरण कर इंटर कॉलेज की मांग की है। बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 15 हजार की आबादी को हायर एजुकेशन के लिए भटकना पड़ता है।
इस कारण क्षेत्र के अधिकतर बच्चे दसवीं तक ही पढ़ाई कर पाते हैं। इसके बाद उन्हें 30 किमी दूर नानकमत्ता या खटीमा में पढ़ने के लिए जाना पड़ता है। ज्ञापन भेजने वालों में गिद्धौर के ग्राम प्रधान बांधू सिंह, देवीपुर की प्रधान मोहनिया देवी, उप प्रधान दक्षिणी देवी, गीता देवी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगदीश जोशी, सुग्रीव सिंह, मोले सिंह, मोहन सिंह आदि शामिल थे।