काशीपुर में इन दिनों कुत्तों का आतंक बढ़ रहा है। हर रोज करीब 10 से बारह मरीज अस्पताल में एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाने पहुंच रहे हैं। वहीं दो दिन से अस्पताल में एंटी रेबीज के इंजेक्शन खत्म हो गए है। इसके चलते लोगों को बाहर से अधिक मूल्य पर इंजेक्शन खरीदने पड़ रहे हैं।
काशीपुर में गली मोहल्लों में घूम रहे कुत्ते राह चलते लोगों पर हमला कर रहे हैं। हर रोज दर्जनों मरीज एलडी भट्ट सरकारी अस्पताल में एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाने पहुंच रहे हैं। दो दिन से अस्पताल में एंटी रेबीज इंजेक्शन खत्म हो गए हैं, जिसके चलते अस्पताल में आने वाले मरीजों को मजबूरन निजी मेडिकल स्टोरों से तीन से चार सौ रुपये में इंजेक्शन खरीदकर लगाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को सुबह से दोपहर तक कई लोग इंजेक्शन लगाने के लिए पहुंचे, लेकिन बॉयल खत्म होने से कर्मचारी से बहस करने के बाद लौट गए।
एंटी रेबीज के इंजेक्शन मुख्यालय से लंबे समय से नहीं मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र से इंजेक्शन खरीदकर मरीजों को लगाया जा रहा है। दो दिन पूर्व एंटी रेबीज के इंजेक्शन समाप्त हो गए हैं। जन औषधि केंद्र से वार्ता करने के बाद जानकारी मिली की इंजेक्शन एक हफ्ते के बाद ही मिल पाएंगे।
-डॉ. वीके टम्टा, अधीक्षक, एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय