सीएचसी, पीएचसी स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं सुधारें : खैरवाल
रुद्रपुर। डीएम डॉ. नीरज खैरवाल ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कार्यों की स्वास्थ्य महकमे के आला अधिकारियों के साथ समीक्षा की। कहा कि आमजन के लिए स्वास्थ्य मूलभूत जरूरत है। इसलिए स्वास्थ्य महकमे के डॉक्टरों और कर्मचारियों को जनाकांक्षाओं पर खरा उतरने की जरूरत है। उन्होंने सीएमओ से कहा कि उनके द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन की फीडबैक जरूर दी जाए।
डीएम ने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि सीएचसी, पीएचसी स्तर पर की जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त कर लिया जाए। अस्पतालों में बैठने वाले आयुर्वेदिक डॉक्टर समय-समय पर क्षेत्र का भी भ्रमण करें ताकि जिले के विभिन्न हिस्सों के पीएचसी, सीएचसी केंद्रों के प्रभारियों द्वारा उनकी ओर से जनता की दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, समस्याओं की जानकारी मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि असुविधाएं भी बेहिचक बताएं ताकि उनका समाधान किया जा सके, लेकिन स्वास्थ्य हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभिन्न हिस्सों से आए स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों से स्टाफ की तैनाती, दवा वितरण की व्यवस्था समेत कई बिंदुओं पर चर्चा की। कहा कि सिरिंज, पैरासिटामॉल अलग से नहीं खरीदें, जिस सामग्री की आपूर्ति नहीं हो रही है, उन्हें अपने अधीनस्थ स्वास्थ्य केंद्रों को उपलब्ध कराएं। डीएम ने कहा कि अफसर अपने क्षेत्रों में कार्यरत पीएचसी, सीएचसी आदि अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में जाकर जनसुविधाओं का जायजा लें और उसकी फीडबैक उनको भी उपलब्ध कराएं। बैठक में एडीएम प्रताप सिंह शाह, जगदीश चंद्र कांडपाल समेत सीएमओ डॉ. आरके पांडे, पीएमएस डॉ. अमिता उप्रेती, एसीएमओ डॉ. अविनाश खन्ना आदि थे।
सीएमओ के साथ डीएम ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा की