जसपुर में हाथियों के झुंड ने दो किसानों की दो एकड़ गन्ने की फसल और एक एकड़ गेहूं की फसल को रौंद दी। वन कर्मियों के साथ हाथियों को खदेड़ने गए ग्रामीणों में से एक ग्रामीण भगदड़ में घायल हो गया। ग्रामीणों ने डीएफओ को पत्र भेजकर फसल का मुआवजा दिलाने और वन क्षेत्र में तारबाड़ कराने की मांग की है।
शनिवार की रात ग्राम सीपका निवासी राम सिंह और कुलवंत सिंह के गन्ने और गेहूं के खेतों में हाथियों का झुंड पहुंचा और फसल को रौंदना शुरू कर दिया। इससे दो एकड़ गन्ना और एक एकड़ गेहूं की फसल नष्ट हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों की संख्या 12 से अधिक रही होगी। ग्रामीणों की सूचना पर वन कर्मियों ने हवाई फायरिंग की और ग्रामीणों ने ढोल बजाकर हाथियों को भगाया। इस दौरान भगदड़ से मच गई, जिसमें ग्रामीण तरसेम सिंह (45) पुत्र भरता सिंह घायल हो गया। वन दरोगा अनिल चौहान ने बताया कि ग्रामीण तरसेम सिंह को भगदड़ में मामूली चोट आई है। घटना की रिपोर्ट उन्होंने डीएफओ को भेजी है।