रुद्रपुर। छह दिन पूर्व किच्छा रोड पर हुए हादसे में घायल बहेड़ी (यूपी) निवासी बाइक सवार किशोर की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ग्राम रजपुरा बहेड़ी यूपी निवासी वेदपाल ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करते हैं। बीते रविवार को वेदपाल अपने हाईस्कूल में पढ़ने वाले बेटे अमनपाल (16) के साथ ग्राहकों से किराये का भुगतान लेने के लिए रुद्रपुर पहुंचे थे।
काम पूरा होने पर घर लौटते समय किच्छा रोड स्थित बगवाड़ा मंडी के पास उनके आगे चल रहे एक ट्रक ने यूटर्न लिया तो ट्रक के पीछे जा रही एक कार ट्रक से टकराकर पूरी तरह सड़क पर घूम गई। वेदपाल की बाइक कार की चपेट में आकर सड़क पर रपट गई।
हादसे में उनका पुत्र अमनपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान अमनपाल की मौत हो गई।