रुद्रपुर। काशीपुर-मुरादाबाद के बीच चल रहे फोरलेन हाईवे की जद में 13 गांव आ गए हैं। प्रशासन ने 96 हेक्टेयर जमीन के एवज में ग्रामीणों को 182 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। फोरलेन का काम मार्च 2026 तक पूरा हो जाएगा जिससे पर्यटकों व लोगों की राह आसान हो जाएगी।
काशीपुर से मुरादाबाद तक हाईवे की चौड़ाई कम होने व खस्ताहाल सड़क से कार्बेट पार्क आने वाले पर्यटकों व लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। कांवड़ व अन्य त्योहारी सीजन में सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम राह में बांधा बनता है।
सरकार ने हाईवे को फोरलेन बनाने का काम शुरू किया। 38 किमी लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य दो विभागों को सौंपा गया है। मुरादाबाद से ठाकुरद्वारा तक 21 किमी हाईवे निर्माण लोक निर्माण विभाग कर रहा है जबकि 18 किमी सड़क का काम एएनएसआई के हवाले हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार हाईवे की जद में आने वाले 13 गांव के काश्तकारों के लिए 203 करोड़ रुपये जारी हुए। इसमें 182 करोड़ का आवंटन कर दिया गया है। पांच करोड़ फिक्स डिपोजिट व 16 करोड़ के लिए काश्तकारों की पत्रावलियों का इंतजार हो रहा है।
काशीपुर-मुरादाबाद फोरलेन का काम तीव्र गति से हो रहा है। निर्माण कार्य मार्च 2026 तक पूरा हो जाएगा। हाईवे की जद में आने वाले काश्तकारों को उचित मुआवजा मिला है। - कौस्तुभ मिश्रा, एडीएम