दिनेशपुर। दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
बुधवार शाम को वार्ड 7 निवासी प्रभाष हाल्दार (25) पुत्र वंशधर और वार्ड 3 निवासी राहुल फर्त्याल (21) पुत्र नारायण सिंह बाइक (यूके 06 एएच 7590) से मकरंदपुर से घर लौट रहे थे। आनंदखेड़ा पुलिया के पास दिनेशपुर की ओर से आ रही बोलेरो (यूके 06टी 2324) ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे दोनों छिटककर सड़क किनारे जा गिरे।
प्रभाष का बायां पैर कटकर अलग हो गया और सिर में भी चोटें आईं। वहीं राहुल को भी काफी चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायल को नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, मंगलवार की रात को सांवरिया मार्केट के पास वार्ड पांच निवासी प्रकाश दास (47) को अज्ञात बाइक ने टक्कर मार दी। उसे भी गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।