खटीमा। चकरपुर स्थित वनखंडी महादेव शिव मंदिर में 15 फरवरी से 12 दिवसीय महाशिवरात्रि मेला शुरू होगा। मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष मनोहर सिंह बिष्ट ने बताया कि मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मेले के शुभारंभ पर सीएम पुष्कर सिंह धामी के पहुंचने की संभावना है। बताया कि मेले में खटीमा के अलावा टनकपुर, बनबसा, नानकमत्ता के अलावा यूपी और नेपाल से भी लोग पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि मेला का आयोजन 26 फरवरी तक जारी रहेगा। संवाद
झारखंडी महादेव मंदिर पर लगेगा महाशिवरात्रि पर मेला, तैयारियों में जुटे श्रद्धालु
बाजपुर। प्राचीन झारखंडी महादेव मंदिर पर महाशिवरात्रि पर लगने वाले मेले की तैयारियों में श्रद्धालु जुटे है। मंदिर परिसर की सफाई कर दी गई है। महाशिवरात्रि पर दो दिनी मेला शनिवार को शुरू होगा। मंदिर में कांवड़ियों के रहने और भंडारे की व्यवस्था की है।
बरहैनी जंगल सीमा से सटे गांव झारखंडी में महादेव मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मान सिंह ने बताया कि जनजाति समाज के लोग मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं। मंदिर में छह दशक से महाशिवरात्रि पर्व पर बुक्सा समाज सहित अन्य शिवभक्त कावंड़ चढ़ाते हैं। जनजाति समाज के लोग मेले में बच्चों का मुंडन भी कराते है। मान्यता है कि सच्चे मन से मंदिर में की गई प्रार्थना पूरी हो जाती है। मंदिर परिसर में एक पुराना शिवलिंग सहित दो शिवलिंग है। इस दौरान मंदिर के बाबा सावनपुरी, मोहन चंद पांडे, वीरेंद्र बिष्ट, हरीश दानू, चंद्र बल्लभ, रमेश पांडे, सुभाष कांडपाल आदि मौजूद रहे।