काशीपुर। घरों, खेतों पर बिजली की झूलती लाइनों से आए दिन दुर्घटनाएं घट रही है। इसके बावजूद ऊर्जा निगम के अधिकारी नहीं चेत रहे हैं। विभागीय अधिकारी न तो इन लाइनों को दुरुस्त करा रहे हैं, न ही टेढ़े-मेढ़े पोलों को सही करा रहे हैं, जिसका खामियाजा लोगों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है।
ऊर्जा निगम के अधिकारियों की लापरवाही के चलते लंबे समय से खोखरा ताल से लोगों के खेतों से गुजर रही एलटी की विद्युत लाइन के पोल कई डिग्री तक झुक चुके हैं। हाल ऐसा कि लाइन लटककर जमीन से टकराने को तैयार है। यदि खेत में आने-जाने वाले व्यक्ति लाइन के नीचे से गुजर जाए तो विद्युत लाइन उनके सिर से छू जाएगी। इस रास्ते से आए दिन अधिकारी गुजरते हैं। जानकारी के बावजूद अधिकारी और कर्मचारी अंजान बने हुए हैं।
विभाग की लापरवाही के चलते शहर और ग्रामीण क्षेत्र में कई लोगों के साथ ही मवेशियों की जान जा चुकी हैं। विभागीय अधिकारी मुआवजा देने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं। खेतों और शहरी क्षेत्र की कई कालोनियों में भी गले पोल और झूलती लाइने हैं। जहां पर हादसे की आशंका बनी हुई है।