। नगर की यातायात व्यवस्था का बुरा हाल है। शनिवार को मुख्य मार्ग पर शहीद भगत सिंह चौक के समीप मरीज को लेकर जा रही 108 आपातकालीन सेवा की एंबुलेंस करीब आधे घंटे तक जाम में फंस गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसएसआई कमलेश भट्ट ने वाहनों को हटाकर एंबुलेंस को जाम से बाहर निकाला।
मुख्य मार्ग बेरिया तिराहे से शहीद भगत सिंह चौक तक वाहनों को आड़े तिरछा खड़ा कर दिया जाता है। दुकानदार भी सड़क किनारे तक अपना सामान रख देते हैं। जिससे जाम की स्थिति बनी रहती है। यातायात सुचारु रखने के लिए इस चौक पर पुलिस के दो सिपाही मौजूद रहते हैं। इसके बाद भी लोगों को जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है।
विज्ञापन
शनिवार को शाम करीब तीन बजे भगत सिंह चौक जाम के समीप इस मार्ग पर जाम लग गया। सीएचसी बाजपुर से मरीज को उपचार के लिए हल्द्वानी ले जा रही एंबुलेंस भी करीब आधे घंटे तक में फंसी रही। एसएसआई कमलेश भट्ट ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को हटाकर एंबुलेंस को जाम से बाहर निकाला।
व्यापार मंडल उपाध्यक्ष सिंह स्वरूप भारती, केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष देशराज कांबोज ने कोतवाल बीएस धौनी से मुलाकात कर लोगों को जाम से निजात दिलाने मांग की है। कोतवाल धौनी ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए एसडीएम से वार्ता कर बैठक रखी जायेगी। बैठक के बाद मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाया जायेगा। सड़क किनारे खड़े होने वाले वाहनों का चस्पा चालान किया जायेगा।