रुद्रपुर। जिले में मंगलवार को 101 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिनमें रुद्रपुर में सर्वाधिक 25 लोग शामिल हैं। सभी संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आइसोलेट कर दिया है। एक न्यायाधीश के साथ ही निजी स्कूल के दो बच्चे भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। कोरोना जांच के लिए 2076 लोगों के आरटीपीसीआर के सैंपल लिए गए। रामपुर सीमा पर 101 लोगों के सैंपल लिए गए।
कोविड19 के जिला नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने बताया कि जिले में कुल 2,731 लोगों को वैक्सीन लगवाई गई। इनमें 2354 लोगों ने पहली व 377 लोगों को दूसरी डोज लगवाई। इधर, एलाइंस कालोनी में नि:शुल्क टीकाकरण शिविर का विधायक राजकुमार ठुकराल ने शुभारंभ किया। वहां पर एलाइंस रेजीडेंट वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष राजकुमार मुंजाल, सचिव एसके शर्मा, डॉ. उदयशंकर, एनएनएम दीपा जोशी, जोत सिंह, शशि गुप्ता, संजय ठुकराल, कुलदीप सिंह आदि थे। इधर, जिला कोर्ट में तैनात एक न्यायाधीश समेत कई लोगों के संक्रमित होने पर जिला बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित नव संवत्सर कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया। कोविड अस्पताल के आइसोलेशन प्रभारी डॉ. गौरव अग्रवाल ने बताया कि एक न्यायाधीश की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
कोरोना टीकाकरण में शक्तिफार्म पीएचसी प्रदेश में अव्वल
शक्तिफार्म। कोरोना टीकाकरण में पीएचसी शक्तिफार्म प्रदेश में अव्वल पायदान पर है। मुख्य चिकित्साधिकारी डीएस पंचपाल ने टीम के कार्यों की सराहना की।
पीएचसी शक्तिफार्म की टीकाकरण टीम ने गत छह मार्च से 12 अप्रैल तक 37 दिनों में 6195 लोगों का टीकाकरण कर कीर्तिमान हासिल किया है। अभी तक प्रांत के किसी अन्य पीएचसी ने इतनी संख्या में टीके नहीं लगाए हैं। फिलहाल 45 वर्ष से ऊपर के लोगों का ही टीकाकरण किया जा रहा है। इस उपलब्धि के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह पंचपाल ने कहा कि पीएचसी शक्तिफार्म की टीकाकरण टीम की ओर से किए गए कार्य सराहनीय हैं। टीकाकरण टीम में विपिन बिष्ट, दीपा मंडल, मीनाक्षी राय, प्रियंका ईस्टर, नरेंद्र भट्ट, विमला देवी, लक्ष्मी बैरागी, गंगा सिंह आदि थे।
कोरोना से बचाव को 298 ने कराया टीकाकरण
सितारगंज। स्वास्थ्य विभाग ने नगर में जगह-जगह शिविर लगाकर कोरोना से बचाव के लिए 298 लोगों का टीकाकरण किया। वार्ड तीन कब्रिस्तान के पास मदरसे में आयोजित शिविर का पूर्व पालिकाध्यक्ष हाजी अनवार अहमद व कांग्रेस जिला महासचिव जिलानी अंसारी ने टीकाकरण का शुभारंभ किया। यहां 118 लोगों ने टीके लगवाए गए। वहां कब्रिस्तान कमेटी के अध्यक्ष जाकिर हुसैन, इमरान अंसारी थे। इधर, राधा स्वामी सत्संग भवन में समाज सेवी भरत चुघ ने टीकाकरण शिविर का उद्घाटन किया। चिकित्साधीक्षक डॉ. राजेश आर्या ने बताया कि सत्संग भवन में करीब 180 लोगों ने टीका लगवाया।