रुद्रपुर का मृतक भावेन सिकदार।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। ऑटो और बाइक की टक्कर में बाइक चालक की मौत हो गई जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने ऑटो को कब्जे में लेते हुए फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मूलरूप से माला कॉलोनी पीलीभीत (यूपी) और हाल जयनगर दिनेशपुर निवासी भावेन सिकदार (26) पुत्र स्व. भगवान सिकदार रुद्रपुर सिडकुल की एक फैक्टरी में काम करता था। बीते सोमवार की देर शाम वह बाइक से अपने दोस्त शंकर और अमित के साथ रात्रि ड्यूटी के लिए फैक्टरी जा रहा था।
जयनगर स्थित कमरे से कुछ दूरी पर पहुंचते ही उसकी बाइक सामने से आ रहे ऑटो से टकरा गई। हादसे में भावेन और उसके दोनों दोस्त घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने गंभीर रूप से घायल भावेन को मृत घोषित कर दिया। शंकर को हायर सेंटर में रेफर करने के साथ ही अमित को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
मृतक के छोटे भाई रमेश ने बताया कि घर का खर्च भावेन की तनख्वाह से ही चलता था। पिता की मौत कुछ साल पहले हो चुकी है। भावेन की मौत से उसकी मां पूर्णिमा के अलावा भाई-बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ अमित कुमार ने बताया कि ऑटो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।