रुद्रपुर। जिले में गेहूं की कटाई अभी पूरी तरह से शुरू नहीं होने से गेहूं खरीद की गति धीमी है। राज्य के प्रमुख कृषि उत्पादक जिले में रबी विपणन सत्र के आठवें दिन तक सिर्फ 39 हजार 792 क्विंटल गेहूं खरीद हो सकी है।
इनमें खाद्य विभाग के क्रय केंद्रों पर अभी तक 16 हजार, 126 क्विंटल, सहकारिता विभाग के केंद्रों पर 22 हजार, 281 क्विंटल और नेफेड के केंद्रों पर 1385 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है।
इधर, क्रय केंद्र प्रभारी व वरिष्ठ विपणन अधिकारी हेमंत जोशी ने क्रय केंद्र पर गेहूं बेचने के लिए पहुंचने वाले किसानों से खसरा-खतौनी के साथ ही सभी दस्तावेज लेकर पहुंचने की अपील की। वहीं, कुमाऊं के दो अन्य जिलों चंपावत और नैनीताल में अभी तक गेहूं खरीद का खाता नहीं खुल सका है। (संवाद)
एसडीएम विशाल मिश्रा ने पटेरी गांव में काटे गेहूं
रुद्रपुर। प्रशिक्षु आईएएस एवं रुद्रपुर एसडीएम विशाल मिश्रा ने किच्छा तहसील के पड़ने वाले पटेरी गांव में गेहूं काटे। एसडीएम मिश्रा ने बताया कि गेहूं उत्पादन के आकलन आदि से संबंधित कार्यों के सर्वे के लिए उन्हें रुद्रपुर के साथ ही किच्छा तहसील की भी जिम्मेदारी मिली है। इसी क्रम में में बृहस्पतिवार को किच्छा तहसील के अंतर्गत आने वाले पटेरी गांव में जाकर उन्होंने निरीक्षण के दौरान गेहूं की फसल भी काटी। (संवाद)
मानकों से अधिक गेहूं खरीदने पर केंद्र प्रभारी से होगी रिकवरी
रुद्रपुर। उप निबंधक, उत्तराखंड सहकारी समितियां नीरज बेलवाल ने बृहस्पतिवार को जिले में गेहूं खरीद को लेकर सहकारिता विभाग के अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने कहा कि किसानों से प्रति हेक्टेयर 42 क्विंटल गेहूं की खरीद होनी है। यदि किसी केंद्र पर मानकों से अधिक गेहूं खरीद हुई तो क्रय केंद्र प्रभारी से रिकवरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि मानकों से अधिक गेहूं खरीद पर प्रतापपुर केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। (संवाद)
रुद्रपुर में टीवीएस के क्रय केंद्र पर गेहूं तौलते पल्लेदार।- फोटो : RUDRAPUR