अपराध संक्षेप-
घनसाली(टिहरी)। पुलिस थाने में बासर क्षेत्र से एक युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। लापता युवती के पिता की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि उसकी बेटी 22 नवंबर की शाम करीब छह बजे घर से कहीं चली गई थी। लेकिन आज तक वह वापस नहीं लौटी। आस-पास गांव और नाते-रिश्तेदारी में काफी तलाश करने पर भी उसका कुछ पता नहीं चल पाया है। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में अपनी 19 वर्षीय पुत्री की गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश करने की गुहार लगाई है। थाना पुलिस ने कहा कि गुमशुदगी दर्ज करने के बाद युवती की तलाश शुरू कर दी गई है। संवाद
अवैध अंग्रेजी शराब तस्करी के आरोप में एक गिरफ्तार
चंबा (टिहरी)। थाना पुलिस ने मसूरी रोड पर गश्त के दौरान आराकोट के पास संदिग्ध अवस्था में एक थैला लेकर खड़े व्यक्ति के कब्जे से अवैध शराब बरामद की है। पुलिस की ओर से बताया गया कि एक कट्टा लेकर खड़े व्यक्ति से पूछताछ की गई तो हड़बड़ाते हुए उसने अपना नाम गुड्डू मिस्त्री (52) निवासी सौड़ काणाताल बताया। कट्टे में रखे सामान के बारे में पूछा गया तो वह गुमराह करने लगा। तलाशी लेने पर कट्टे के अंदर अवैध अंग्रेजी शराब के 52 पव्वे बरामद किए गए। इस बारे में उसने कहा कि वह अक्सर बीमार रहता है, और शराब बेचकर किसी तरह अपना खर्च चलाता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर दिया। संवाद
-
नरेंद्रनगर पुलिस ने स्मैक तस्करी के आरोप में दो गिरफ्तार किए
नरेंद्रनगर (टिहरी)। थाना पुलिस ने 24 नवंबर की रात करीब सवा 10 बजे प्लास्डा पुलिस चौकी के पास चेकिंग के दौरान दो मोटर साइकिल सवार से अवैध स्मैक बरामद की है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि प्लास्डा चौकी के पास चेकिंग के दौरान पॉलीटेक्नीक कॉलेज की ओर से नरेंद्रनगर की ओर आ रहे मोटर साइकिल सवार पुलिस को देखते ही वापस मुड़ने लगे तभी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में वह कोई संतोषजनक जबाव नहीं दे पाए, तो पुलिस ने उनकी तलाशी लेनी शुरू की। तलाशी में मोटर साइकिल चालक की जेब में एक मोबाइल और 100 रुपये बरामद किए गए। जबकि दूसरे सवार की जेब में एक मोबाइल और 50 रुपये बरामद किए गए। बुलेट की तलाशी लेने पर सीट के नीचे एक पन्नी में 12.09 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। पूछताछ में बाइक चालक ने अपना नाम सार्थक (26) और दूसरे ने चेतन (31) दोनों निवासी ऋषिकेश बताया। उन्होंने बताया कि वह यह स्मैक वह हरिद्वार में सर्वानंद घाट झुग्गी बस्ती निवासी युवक से खरीदकर लाए हैं। स्मैक खुद उपयोग करने के साथ ही जरूरतमंदों को बेचते भी हैं। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर उन्हें गिरफ्तार कर दिया। दोनों को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा। संवाद
जारी-विजय गुसाईं