धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय में वाणिज्य विभाग की पहल पर बांबे स्टॉक एक्सचेंज की ओर से युवा निवेशकों में जागरूकता के लिए वेबिनार आयोजित किया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि सुरक्षा और निवेश पर प्रतिफल ही निवेश का आधार होना चाहिए।
शनिवार को आयोजित वेबिनार में वित्तीय शिक्षा ट्रेनर व नेशनल स्कूल ऑफ स्टॉक मार्केट के जफरुद्दीन ने स्मार्ट इन्वेस्टमेंट योजना को वर्तमान की आवश्यकता बताई। उन्होंने बताया कि विश्व के विकसित देशों में बचत का औसत चार से छह प्रतिशत है, वही भारत में लोग 33 प्रतिशत बचत करते हैं। मास्टर ट्रेनर शकुंतला पारीक ने मुद्रा स्फीति, सेवानिवृत्ति, अनियोजित खर्चे और महंगे खर्चों की आपूर्ति के तरीके बताए। प्राचार्य डा. प्रीति कुमारी ने कहा कि वर्तमान में वित्तीय प्रबंधन का महत्व छात्र जीवन से ही शुरू हो जाता है। इस मौके पर वाणिज्य विभागाध्यक्ष डा. नताशा, डा. मनोज सिंह बिष्ट, डा. चंदा टी नौटियाल, डा. शैलजा रावत, डा. सोनिया, डा. सोनी तिलारा, डा. संजय कुमार, डा. हिमांशु जोशी, डा. रश्मि उनियाल, डा. सृचना सचदेवा आदि मौजूद थे।