सड़क बनने से और आसान होगा गांव के लोगों का जीवनस्तर : विधायक
कंडीसौड़ (टिहरी)। थौलधार ब्लॉक का रमोलसारी गांव सड़क से जुड़ गया है। गांव तक वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। सड़क निर्माण पूरा होने से रमोलसारी गांव में निवासरत लोगों को अब बाजार जाने के लिए अब दो किमी की पैदल दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने शनिवार को रमोलसारी गांव पहुंचकर सड़क का लोकार्पण किया।
विधायक निधि से प्राप्त 10 लाख की धनराशि से रमोलसारी गांव के लिए 2.5 किमी सड़क निर्माण किया गया। विधायक पंवार ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग थी जिसे आज पूरा कर ग्रामीणों को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता में शामिल है।
इस मौके पर ब्लाॅक प्रमुख सुरेंद्र सिंह भंडारी, ग्राम प्रधान सावित्री चौहान, पूर्व जिला पंचायत जीत सिंह चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि भंडारी, जिला पंचायत सदस्य विनोद कुमार, सुनील जुयाल, पूर्व प्रधान सुमन राणा, कमल सिंह चौहान, महावीर सिंह चौहान, भाजपा मंडलाध्यक्ष ललित खंडूरी मौजूद रहे। संवाद
जारी-गंगादत्त थपलियाल