नरेंद्रनगर ब्लॉक के धमांस्यू पट्टी में प्रस्तावित गुजराड़ा-तंदील पांच किमी मोटर मार्ग का निर्माण वन भूमि के कारण वर्षों से अधर में लटका है।
नरेंद्रनगर (डौंर)-रानीपोखरी मोटर मार्ग पर गुजराड़ा से तंदील तक पांच किमी सड़क वर्षों से प्रस्तावित है, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण यह सड़क अधर में है। तंदील से आगराखाल हाईवे पर मिल रही सड़क बीच में पांच किमी लटकने से आगराखाल की नीचे वाली बेल्ट के लोग परेशान हैं।
क्षेत्र के चंदन सिंह कंडारी, पूरण सिंह, रामचंद सिंह और वीर सिंह कंडारी कहते हैं कि सरकार ग्रामीणों को खेती से जोड़ने की बात कर रही है, लेकिन सड़क सुविधा देने पर ध्यान नहीं दे रही है। गुजराड़ा तक पांच-छह साल पहले सड़क पहुंच गई थी, लेकिन इससे आगे की पांच किमी सड़क नहीं बनाई जा रही है।
गुजराड़ा-तंदील सड़क वन भूमि के कारण अधर में लटकी है। वन विभाग को कई बार प्रस्ताव भेजने पर भी एनओसी नहीं मिल पा रही है।- मो. आरिफ खान, ईई लोनिवि नरेंद्रनगर।
लोनिवि से जो प्रस्ताव आया है, उस पर केंद्रीय वन मंत्रालय से आपत्ती लगाई गई है। लोनिवि को प्रस्ताव लौटाकर सही प्रस्ताव बनाकर भेजने को कहा गया है, लेकिन अभी तक हमें प्रस्ताव नहीं मिल पाया है। -राहुल, डीएफओ नरेंद्रनगर।