गड़कोट गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। मां-बेटे पर दहेज उत्पीड़न व दहेज हत्या (498 ए व 304 बी) और 3/4 दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।
मालूम हो कि 10 मई की शाम हिंडोलाखाल क्षेत्र के गड़कोट गांव की 30 वर्षीय दीपा देवी का शव अधजली स्थिति में गोशाला में मिला। मृतका की शादी तीन वर्ष पहले रविंद्र सिंह पुत्र दर्शन सिंह के साथ हुई थी। रविंद्र फौज में है और इन दिनों छुट्टी में घर आया हुआ है।
मौके पर गए नायब तहसीलदार शंकरदास चौरसिया को पूरा मामला संदिग्ध लगा। जिस स्थान पर शव मिला था, वहां अन्य कोई सामान जला हुआ नहीं मिला। मृतका के शरीर का सिर्फ ऊपरी हिस्सा जला हुआ था।
वहीं मृतका के भाई कांडी गुसाईं निवासी जसवीर सिंह ने भी उसके पति और सास भड्डू देवी के खिलाफ हिंडोलाखाल थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी। उसने मां-बेटे पर दहेज के लिए परेशान करने का आरोप लगाते हुए दीपा की हत्या करने का आरोप लगाया।
पुलिस अधीक्षक बीजे सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना पुलिस क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर विजेंद्र दत्त डोभाल कर रहे हैं। विवेचना अधिकारी ने रविंद्र और भड्डू देवी को गिरफ्तार कर लिया है।