बालगंगा वरिष्ठ नागरिक समिति ने 16 मार्च को बुलाई महापंचायत
घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक के बेलेश्वर मंदिर में आयोजित बालगंगा वरिष्ठ नागरिक समिति की बैठक में उप जिला अस्पताल को लेकर चर्चा की गई। समिति के अध्यक्ष चंदन सिंह पोखरियाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उप जिला अस्पताल की मांग को लेकर आगामी 16 मार्च को महापंचायत आयोजित करने पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि महापंचायत में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ ही आम जनता को अधिक से अधिक संख्या में आमंत्रित किया जाना चाहिए। तय किया गया कि महापंचायत में क्षेत्रीय विधायक को भी आमंत्रित किया जाएगा। समिति के सचिव उम्मेद सिंह चौहान ने कहा कि 16 मार्च को महापंचायत में आंदोलन की अग्रिम रणनीति पर भी विचार विमर्श किया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि सीएचसी बेलेश्वर उप जिला अस्पताल के सभी मानक पूरे करता है इसलिए मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप शीघ्र ही उप जिला अस्पताल का जीओ जारी कर बेलेश्वर में उप जिला चिकित्सालय स्तर की सेवाएं शुरू की जानी चाहिए। इस मौके पर हुकम सिंह रावत, आनंद प्रसाद व्यास, विश्वेश्वर प्रसाद जोशी, इंद्र सिंह रावत, रोशन लाल जोशी, धर्म सिंह बिष्ट, भरत सिंह नेगी, केदार सिंह रौतेला, हर्षमणि उनियाल, देवेंद्र प्रसाद जोशी और विनोद लाल आदि मौजूद थे।