नई टिहरी। ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति रानीचौरी की ओर से मुख्यमंत्री महिला सतत आजीविका योजना के तहत महिलाओं के कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए 16 महिलाओं को बुनाई मशीनें, 2-2 महिलाओं को कढ़ाई मशीनें और खाद्य प्रशिक्षण के तहत जूस बर्तन व आवश्यक उपकरण वितरित किए गए।
प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी में आयोजित कार्यक्रम में डीएम मयूर दीक्षित ने महिलाओं को बुनाई, कढ़ाई और जूस तैयार करने की सामग्री का वितरण किया। महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सामग्री वितरित की गई। समिति के सदस्यों ने बताया कि योजना के तहत महिलाएं अपने पारंपरिक कौशल का उपयोग कर नए आय के स्रोत विकसित कर सकेंगी। संस्था के अध्यक्ष सुशील बहुगुणा ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला सतत आजीविका योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना और उनके जीवन स्तर में सुधार करना है।
लाभार्थी महिलाओं ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी। संस्था की सचिव कुंभीबाला भट्ट ने महिलाओं को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश नौटियाल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश राणा, जगदीश प्रसाद बडोनी, लक्ष्मी बहुगुणा आदि मौजूद रहे। संवाद