रानीगढ़-घनसाली पेयजल योजना टूटने से घनसाली समेत चार गांव में तीन दिन से पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों को हैंडपंपों से पानी ढोना पड़ रहा है। भिलंगना के मुख्य बाजार घनसाली, सेमली, गिरगांव, रौसाल, आनंद विहार के लोगों के लिए जल निगम की ओर से वर्ष 2012 में पांच करोड़ नौ लाख की लागत से 13 किमी लंबी घनसाली-राणीगढ़ पेयजल योजना बनाकर संचालन को जल संस्थान को सौंपी थी, लेकिन योजना पर घटिया निर्माण होने से आए दिन हल्की बारिश में पेयजल आपूर्ति ठप हो जाती है।
इस संबंध में जल संस्थान के अवर अभियंता सुमित गुनसोला ने बताया कि लैणी बुढवां सड़क पर मलबा, पत्थर आने के कारण पाइप लाइन टूट गई है, जिसे ठीक करने के लिए मजदूर और मशीन लगाई गई है। शीघ्र पेयजल आपूर्ति बहाल करवाई जाएगी।