ब्लॉक कार्यालय की सड़क पर कीचड़ व जलभराव से चलना हुआ मुश्किल
कंडीसौड़ (टिहरी)। बाजार से ब्लॉक कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और क्षेत्र के प्रमुख शैक्षिक संस्थानों को जोड़ने वाली सड़क पर नाली निर्माण नहीं होने से बरसात में हालात खराब होते हैं। बारिश का पानी सीधे सड़क पर बह रहा है जिससे कीचड़ और फिसलन हो गई है।
जलभराव होने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। इससे डेंगू, मलेरिया सहित अन्य बीमारियों की आशंका बढ़ रही है, लेकिन लोनिवि की ओर से नाली निर्माण को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य कैलाश भट्ट का कहना है कि बारिश में सड़क कीचड़ और पानी से भर रही है।
फार्मासिस्ट अमोल असवाल का कहना है सड़क के दोनों ओर नाली नहीं होने के कारण पानी फैल रहा है। इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एनएस सैनी ने सड़क की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं की परेशानी को देखते हुए जल निकासी की व्यवस्था जल्द की जानी चाहिए। गैस एजेंसी के प्रबंधक शिव दयाल सिंह बिष्ट ने कहा कि हर दिन ब्लॉक जाने वाले वाहन कीचड़ से होकर निकलते हैं जिससे दुकानों के आगे भी गंदगी फैल रही है। इस बाबत लोनिवि चंबा के अवर अभियंता रोहित पंवार ने कहा कि जल्द नालियों की सफाई की जाएगी। बरसात से उगी झाड़िया काटने का कार्य ठेकेदार करेगा।