एक साल से नाली निर्माण न होने पर ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
नई टिहरी। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड बौराड़ी की लापरवाही खंबाखाल गांव के लोगों पर भारी पड़ रही है। पिछले एक वर्ष से खंबाखाल-सिलोड़ा सड़क पर नाली निर्माण का कार्य नहीं हो पाया है। बारिश का पानी सड़क से सीधे लोगों के घरों की ओर बह रहा है, जिससे कई आवासीय भवनों की बुनियाद कमजोर पड़ने लगी है। कई घर खतरे की जद में आ गए हैं।
खंबाखाल-सिलोड़ा मोटर मार्ग गांव के पीछे से होकर गुजरता है, लेकिन इस मार्ग पर पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। कुछ स्थानों पर बनी छोटी-छोटी नालियां भी मलबे से पटी पड़ी हैं जिससे पानी का बहाव बाधित होकर सीधे घरों की ओर मुड़ रहा है। पिछले वर्ष 5 मई 2025 को हुई बारिश के दौरान भी सड़क का पानी कई घरों में घुस गया था, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद एक साल बीतने के बाद भी विभाग ने नाली निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
बीते शनिवार को हुई बारिश के दौरान सड़क का पानी लोगों के घरों और खेतों में जा घुसा। ऊंचाई से गिरता पानी सीधे मकानों की नींव पर पड़ रहा है, जिससे उनकी बुनियाद खोखली हो रही है। खंबाखाल गांव निवासी अनिल भट्ट ने बताया कि पिछले एक साल से लगातार लोक निर्माण विभाग से नाली निर्माण की मांग करते आ रहे है। इस संबंध में विभागीय कार्यालय में प्रार्थना पत्र भी दिया गया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो कई घरों को नुकसान हो सकता है। ग्रामीणों ने नाली निर्माण कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
खंबाखाल गांव के लोग अपने घरों के समीप नाली नहीं बनने दे रहे है। लोग आपस में ही विवाद कर रहे है। जिस कारण नाली निर्माण कार्य शुरू नहीं कर पा रहे है।
-योगेश कुमार, ईई लोनिवि प्रांतीय खंड बौराड़ी