जिला चिकित्सालय बौराड़ी में लगे गंदगी के ढेर देखकर डीएम ज्योति नीरज खैरवाल बिफर पड़ी। उन्होंने सीएमएस को निर्देश दिए कि जो सफाई कर्मी सफाई करने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति देकर नए कर्मियों की तैनाती करें।
उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय से आठ स्टाफ नर्स किन कारणों से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंबा संबद्ध है। इसकी सीएमओ से जानकारी लेने के बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बुधवार को डीएम जिला चिकित्सालय बौराड़ी आईपीवी वैक्सीन टीके का शुभारंभ करने पहुंची। इस टीके से पोलियो से बचाव की दोगुनी सुरक्षा नवजात को प्राप्त होगी।
यह टीका तीन वर्ष के बच्चों को एक बार ही लगाया जाता है। डीएम ने चिकित्सकों और आशा कार्यकत्रियों को निर्देश दिए कि बच्चे के स्वास्थ्य कार्ड पर हर माह वजन और टीकाकरण की तिथि अनिवार्य रूप से अंकित करें।
बाद में डीएम ने जिला चिकित्सालय में स्थित अल्ट्रासाउंड मशीन कक्ष का निरीक्षण कर अल्ट्रासाउंड की नई मशीन क्रय करने को कहा। इस मौके पर सीएमएस डा. बर्गीश चंद्र काला, डा. सीपी त्रिपाटी, डा. अमित राय, डा. दलीप शाह, डा. राखी गुसाईं आदि उपस्थित थे।