शहीद वीसी गबर सिंह मेला रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गया। समापन अवसर पर विभिन्न विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। श्रीदेव सुमन राइंका प्रांगण में आयोजित मेले के अंतिम दिन लोक गायक किशन महिपाल, विनोद बिजल्वाण और हेमा करासी ने गढ़वाली गीत-नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दी।
किशन महिपाल ने रानीखेता रामढोला और घुर-घुरांदी घुघूती आदि कई गीतों की प्रस्तुती देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। गायक विनोद बिजल्वाण ने सोना बोझी और धनराज ने कमली बांद पर प्रस्तुतियां दी। देर शाम तक दर्शकों ने गढ़वाली गीतों का लुत्फ उठाया।
प्रतियोगिता के लोक नृत्य में कार्मल स्कूल प्रथम, चिल्ड्रंस एकेडमी और सरस्वती विद्या मंदिर द्वितीय और सरस्वती शिशु मंदिर चंबा तृतीय रहा। लोक गीत में राजकीय बालिका इंटर कालेज प्रथम, विवेकानंद द्वितीय रहा। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष इंद्र सिंह नेगी, महावीर सिंह नेगी, आनंद सिंह नेगी, सुभाष सकलानी आदि मौजूद थे।