ग्राम पंचायत धारी अंतर्गत थैलीसैंण के 20 प्रभावित परिवारों ने विस्थापन और पेयजल की मांग को लेकर एक जून से डीएम कार्यालय में परिवार और पशुओं के साथ भूख हड़ताल पर बैठने का निर्णय लिया है।
ये सभी ग्रामीण श्रीनगर जल विद्युत परियोजना से प्रभावित हैं। उनका कहना है कि वे वर्ष 2009 से विस्थापन की मांग करते आ रहे हैं।
जल विद्युत परियोजना की कार्यदायी संस्था जीवीके परियोजना निर्माण पूरा कर चुकी है, जिससे उनके घरों के आंगन तक पानी आ गया है। अलकनंदा नदी से गांव मेें पानी की आपूर्ति की जाती थी।
झील बनने से अब गांव में गंदे पेयजल की आपूर्ति हो रही है। ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को डीएम युगल किशोर पंत से मिला। उन्होंने डीएम को आपबीती सुनाते हुए समस्या के संबंध में ज्ञापन दिया।
कहा, यदि 15 दिन में समस्या हल नहीं हुई तो एक जून से कलक्ट्रेट परिसर में परिवार और पेयजल के लिए तरस रहे पशुओं सहित भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल में कुशला नाथ, पूर्व प्रधान शंकर लाल, सुनीता देवी, विनोद, संतलाल, वीरा देवी आदि शामिल थे।