आपदा प्रभावित घुत्तू क्षेत्र के मेडू सिंधवाल गांव के लिए बनाया जाना था पुल
अधर में लटका है निर्मार्णाधीन पुल
नई टिहरी। भिलंगना ब्लॉक में आपदा प्रभावित घुत्तू क्षेत्र के मेडू सिंधवाल गांव के लिए मनगढ़ गदेरे पर निर्माणाधीन पुल अधर में लटका है। पुल का निर्माण बरसात शुरू होने से पहले पूरा किया जाना था लेकिन पीएमजीएसवाई की धीमी गति के कारण पुल तय समय पर नहीं बन पाया है जिससे ग्रामीणों को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।
मेडू सिंधवाल गांव-कैलबागी मोटर मार्ग पर मनगढ़ नामे तोक में बरसाती गदेरा है। बरसात गदेरा उफान पर होने से इसे पार करना मुश्किल हो जाता है। तेज बारिश से गदेरा इतना उफान पर आ जाता है कि वाहनों का संचालन भी ठप हो जाता है। लंबे समय से बनी समस्या के निराकरण के लिए मोटर मार्ग पर मनगढ़ गदेरे पर करीब 40 लाख रुपये की लागत से 20 मीटर लंबा पुल का निर्माण कार्य शुरू किया गया था लेकिन अभी तक पुल अधर में लटका है।
मेडू सिंधवाल गांव के प्रधान कुंवर सिंह पंवार ने बताया कि पुल का निर्माण कार्य बरसात से पहले पूरा किया जाना था लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण पुल तय समय पर नहीं बन पाया है। इससे मेडू, सिंधवाल गांव, भाटगांव, कनियाज, देवालकुड़ा और कोठियाड़ा आदि गांव के लोगों को उफनते गदेरे से जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है। गदेरा पार करते समय वाहन पलटने का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने बारिश समाप्त होते ही पुल का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है।
पुल का अधिकतर कार्य पूरा हो गया है। अब एप्रोच रोड बननी बाकी है। बारिश समाप्त होने के बाद सितंबर से अवशेष कार्य शुरू कर पुल जल्द तैयार कर दिया जाएगा।
-अविनाश सैनी, ईई, पीएमजीएसवाई प्रथम नई टिहरी।