कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए एक मई से शुरू हो रहे 18 से 45 वर्ष तक के लोगों के टीकाकरण को जिला प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी है। इसके लिए करीब 11 नए केंद्र बनाए गए हैं, जबकि 40 केंद्रों पर पहले से ही टीका लगाने का कार्य चल रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि टीका की पर्याप्त उपलब्धता पर प्रत्येक दिन पांच हजार लोगों का टीकाकरण किया जाए, लेकिन टीका लगाने के लिए सबसे पहले उन्हीं लोगों को बुलाया जाएगा, जिनका ऑनलाइन पंजीकरण होगा।
प्रशासन ने जिला पंचायत सभागार बौराड़ी, राजकीय महाविद्यालय लंबगांव, राजकीय इंटर कॉलेज चंबा, किलकिलेश्वर, बछेलीखाल, नैनबाग, कैंमटी, गंगा रिजोर्ट मुनिकीरेती, ब्लॉक सभागार भिलंगना, थौलधार, थत्यूड़ आदि को केंद्र बनाया गया है। जबकि वर्तमान में जिलेभर के 40 केंद्रों पर 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ष के लोगों को वैक्सीन दी जा रही है। इसके लिए स्टाफ नर्स, एएनएम समेत प्रत्येक केंद्र पर पांच कर्मी तैनात रहेंगे।
जिले में करीब ढाई लाख लोग 18 से 45 साल के हैं, जिन्हें तीसरे चरण में वैक्सीन दी जानी है। टीकाकरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को ऑनलाइन पंजीकरण करना जरूरी होगा। विभाग का लक्ष्य है कि वैक्सीन यदि पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होती है, तो प्रत्येक दिन पांच हजार लोगों का वैक्सीनेशन किया जाएगा। एसीएमओ डा. एलडी सेमवाल ने बताया कि अतिरिक्त टीकाकरण केंद्र बनाने के लिए तैयारियां चल रही है।