निकाय चुनावों के मद्देनजर शनिवार और रविवार को देवप्रयाग नगर में बैंक खुलने के बाबजूद किसी प्रत्याशी का काम नहीं हुआ। जिसके चलते प्रत्याशियों को कीर्तिनगर जाकर अपने खाते खुलवाने पड़े।
विज्ञापन
कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नंदन टोडरिया व नगर कांग्रेस अध्यक्ष त्रिवेंद्र रावत ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि टिहरी जिले में मेन मार्केट स्थित पीएनबी शाखा शनिवार को सुबह के बजाय दोपहर दो बजे के बाद खुली तब तक प्रत्याशी कीर्तिनगर जा चुके थे। वहीं पौड़ी जिले में बाह बाजार स्थित एसबीआई में शुक्रवार से ही सक्षम अधिकारी की अनुपस्थिति बनी रही, जिसके चलते शनिवार व रविवार को बैंक खुलने के बाद भी प्रत्याशियों का कोई काम नहीं हुआ। बैंको की कामकाज न होने से अध्यक्ष पद दावेदार गौरजा देवी, रुकमणि देवी व सभासद प्रत्याशी विमल मिश्रा को कीर्ति नगर में चुनावी खाता खोलना पड़ा।
वार्ड 2 सभासद प्रत्याशी मीना ध्यानी के मुताबिक उन्हें एसबीआई देवप्रयाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना है लेकिन उन्हें तीन दिन बाद भी यह नहीं मिल पाया। जिस कारण उनका रविवार को नामांकन नहीं हो पाया सरकारी आदेश के बाबजूद बैंकों की इस लापरवाही से प्रत्याशियों सहित नगरवासियों में खासा रोष बना है।