नई टिहरी। बौराड़ी स्टेडियम में शिक्षा विभाग की ओर से 22वीं राज्यस्तरीय विद्यालयी वॉलीबाल प्रतियोगिता का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ आगाज हो गया है। युवाओं से ऑनलाइन गेमिंग छोड़कर आउट डोर खेलों की ओर ध्यान केंद्रित करने की अपील की गई है। बताया गया कि खेलों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरियों में अलग से कोटा दिया है। बालक वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता में ऊधमसिंह नगर और चमोली ने मैच जीतकर अगले राउंड में प्रवेश किया।
रविवार को बौराड़ी स्टेडियम में शिक्षा विभाग की राज्य स्तरीय विद्यालयों के तीन दिवसीय बॉलीवाल प्रतियोगिता का मुख्य अतिथि देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी और प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने उद्घाटन किया। विधायक कंडारी ने कहा कि खेल क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरियों में अलग से कोटा दिया है। कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सभी के सहयोग की जरूरत है। उन्होंने प्रतियोगिता की विजेता टीम को 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।
प्रतापनगर विधायक नेगी ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को उभारने लिए ग्रामीण क्षेत्रों में न्याय पंचायत स्तर पर खेल के मैदान बनाए जाने चाहिए। तभी गांव की प्रतिभा आगे बढ़ पाएगी। कहा कि पहाड़ की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए खेल नीतियों में सरकार को बदलाव करना चाहिए। उन्होंने प्रतियोगिता की उप विजेता टीम को 5100 रुपये देने की घोषणा की।
जिला खेल समन्वयक विनोद नेगी ने बताया की अंडर-14 का पहला मुकाबला ऊधमसिंह नगर और पौड़ी की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें ऊधमसिंह नगर की टीम ने पौड़ी को 25-18, 25-17 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। अंडर-17 का पहला मैच चमोली और नैनीताल की टीमों के खेला गया, जिसमें चमोली की टीम ने नैनीताल को 25-15 और 25-18 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
वहीं अंडर-19 में ऊधमसिंह नगर की टीम ने अल्मोड़ा को 2-1 से हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया। इससे पूर्व देवप्रयाग और प्रतापनगर विधायकों ने वॉलीबाल के खिलाड़ी रहे स्व़ त्रिलोक सिंह राणा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व डीकेजी पब्लिक स्कूल के छात्रों ने सरस्वती वंदना, राजकीय इंटर कॉलेज मौलधार, भागीरथी विद्या सरोवर, सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल, राजकीय इंटर कॉलेज कैंपटी के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली और जौनसारी गीतों तथा ऑल सेंटर कॉन्वेंट स्कूल के छात्रों ने वेलकम बैंड की प्रस्तुति दी।
इस मौके पर जाखणीधार प्रमुख सुनीता देवी, मुख्य शिक्षा अधिकारी शिव प्रसाद सेमवाल, भाजपा महामंत्री उदय रावत, राजकीय शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष श्याम सिंह सरियाल, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिलवर रावत, प्रेम प्रकाश पुरोहित, रविंद्र राणा, चित्रा भट्ट, लक्ष्मण रावत, दिनेश रावत, राकेश चंद्र बहुगुणा मौजूद थे।
जिला खेल समन्वयक ने की खेल बजट बढ़ाने की मांग
जिला खेल समन्वयक विनोद नेगी ने कहा कि प्रदेश स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता कराने के लिए सरकार की ओर से ओर से मात्र 40 हजार रुपये दिए हैं। इससे प्रतियोगिता संपन्न कराने में कई प्रकार की परेशानी सामने आ रही है। प्रतियोगिता करवाने के लिए कई प्रकार के संसाधन जुटाने पड़ते हैं। ऐसे में कैसे खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सरकार से खेल प्रतियोगिता के लिए बजट बढ़ाने की मांग की है।