विधायक नेगी ने ट्यूबवेल पंप के लिए करवाई सात लाख की स्वीकृति
लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर के ग्राम पंचायत आबकी में वर्षों से पेयजल समस्या बनी है। ग्रामीणों को पेयजल समस्या से निजात दिलाने के लिए विधायक विक्रम नेगी ने गांव में ट्यूबवेल पंप के लिए सात लाख रुपये की स्वीकृति करवाई है।
आबकी गांव की जनसंख्या पांच सौ से अधिक है। गर्मियों में गांव के आसपास प्राकृतिक पेयजल स्रोतों पर पानी सूखने से ग्रामीणों के सामने पेयजल की संकट खड़ा हो जाता है। हालांकि गांव में जल जीवन मिशन के पेयजल लाइन बिछी है लेकिन गर्मियों में पेयजल स्रोतों पर पानी कम होने से पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो पाती है।
ग्रामीणों को कई किमी दूर से पानी ढोना पड़ता है। ग्रामीण लंबे समय से शासन-प्रशासन से पेयजल की समस्या से निजात दिलाने की मांग करते रहे हैं। पेयजल का स्थायी समाधान नहीं होने के कारण ग्रामीणों को गर्मी में सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है। ग्रामीणों की मांग पर प्रतापनगर विधायक नेगी ने ट्यूबवेल के निर्माण के लिए सात लाख की धनराशि स्वीकृत करवाई है।
उन्होंने बताया कि ट्यूबवेल का निर्माण कार्य जल निगम के विद्युत नियंत्रण विभाग को दिया गया है। ट्यूबवेल निर्माण कार्य जल्द शुरू करवा दिया जाएगा। गांव के नीचे सड़क पर लगने वाले ट्यूबवेल से आबकी गांव के लिए पानी की लिफ्टिंग की योजना है। लिफ्टिंग के अवशेष कार्य के लिए जिला योजना से अतिरिक्त धनराशि की स्वीकृत करवाई जाएगी।