व्यापारियों ने की मुआवजा भुगतान के बाद ही काम करने की मांग
नई टिहरी। बौराड़ी में गणेश चौक के बेसमेंट के व्यापारियों ने एडीबी पर बस अड्डे का नवीनीकरण कार्य चोरी-छिपे करने का आरोप लगाया है। उन्होंने डीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि कार्य शुरू करने से पहले व्यापारियों को मुआवजा देना तय हुआ था लेकिन कार्यदायी कंपनी भुगतान किए बगैर रात को काम कर रही है। इससे दुकानों में रखा सामान खराब हो रहा है। उन्होंने मुआवजा देने के बाद ही कार्य शुरू कराने की मांग की है।
एडीबी के सहयोग से बौराड़ी बस अड्डा, गणेश चौक के बेसमेंट में और कवर्ड मार्केट का नवीनीकरण कार्य करने सहित ओपन थियेटर में सिटी सेंटर स्थापित किया जाना है। नवीनीकरण कार्य के दौरान दुकानों बंद रखने के लिए व्यापारियों को दो हजार रुपये प्रतिदिन मुआवजा देना तय किया गया था लेकिन बेसमेंट के व्यापारियों का कहना है कि कार्यदायी संस्था मुआवजा भुगतान किए बगैर ही रात को कार्य कर रही है जिससे अंदर दुकान में रखा सामान खराब हो रहा है।
उन्होंने कहा कि इसका विरोध करने पर भी कंपनी ने काम बंद नहीं किया है जिससे दुकानदारों में भारी रोष है। कंपनी की मनमानी से नाराज व्यापारियों ने कहा कि जब तक पूर्व निर्धारित मुआवजा भुगतान नहीं दिया जाता है तब तक काम शुरू नहीं करने दिया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में जोत सिंह, संजय, सुरेंद्र सिंह,सहजाद और महेश रावत आदि शामिल थे।