सफाई अभियान में जुटी महिला मंगल दल की महिलाओं से उलझना एक व्यापारी को भारी पड़ गया। महिलाओं के तहसील पहुंचकर विरोध जताने पर व्यापारी ने माफी ही नहीं मांगी बल्कि दो हजार रुपये का अर्थदंड भी भरना पड़ा।
थौलधार ब्लॉक मुख्यालय कंडी की महिला मंगल दल से जुड़ी महिलाओं ने इन दिनों सफाई अभियान शुरू किया है। महिलाओं ने नायब तहसीलदार को दिए ज्ञापन में बताया कि बृहस्पतिवार को बाजार में सफाई अभियान के दौरान उन्होंने एक व्यापारी को पॉलिथीन खेतों में फेंकने के बजाए कूड़ेदान में डालने को कहा। इतना कहते ही व्यापारी ने महिलाओं के साथ गाली-गालौच कर अभद्रता की है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में तहसील पहुंची महिलाओं ने व्यापारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। नायब तहसीलदार जगत सिंह धनोला ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया। इसी बीच मामला बढ़ते देख व्यापारी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए महिलाओं से माफी मांगने के साथ ही दो हजार रुपये का अर्थदंड भी भरा। विरोध जताने वालों में प्रधान गंभीर सिंह गुसाईं, निहाल सिंह पुरसोड़ा, क्षेत्र पंचायत सदस्य शैला गुसाईं, महिला मंगल दल अध्यक्ष रूपी देवी, भूपेंद्र गुसाईं, देवचंद पुरसोड़ा, मदन सिंह पुरसोड़ा, पुलमा देवी, सदेई देवी, सुमित्रा, सुमना, मैणा देवी, सुलोचना, विजला देवी, रेखा और उर्मिला देवी आदि शामिल थे।
ने कंडी बाजार के एक व्यापारी पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। उन्होंने नायब तहसीलदार को दिए ज्ञापन में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामला बढ़ता देख व्यापारी की ओर से महिलाओं से माफी मांगने और दो हजार रुपये का अर्थदंड भरने पर मामला शांत हुआ।